मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पूर्व में की गई घोषणा के तहत अगले विश्व दिव्यांग दिवस तक सभी दिव्यांग जनो को जिलेवार विशेष कैम्प आयोजित कर उनकी आवश्यकतानुसार उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराये जाने तथा दिव्यांग छात्रों को सिविल सेवा परीक्षा हेतु निःशुल्क ऑन लाईन कोचिग व्यवस्था किये जाने सम्बन्धी प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री द्वारा विद्यानसभा क्षेत्र रूद्रपुर के ग्रामीण क्षेत्र हरिचांद गुरूचांद बंग विशाल सामुदायिक भवन के निर्माण हेतु 69.19 लाख की वित्तीय स्वीकृति के साथ देहरादून में बलभद्र खलंगा मेले के आयोजन हेतु 5 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने बेस चिकित्सालय, पिथौरागढ़ के लिये चण्डाक मोटर मार्ग के उचित स्थान से एप्रोच रोड का निर्माण किये जाने, जिला अस्पताल, पिथौरागढ़ से सटे हुये अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग के सरकारी आवास को अयन्त्र स्थान पर शिफ्ट करते हुये जिला अस्पताल का विस्तार किये जाने, ध्वज जयन्ती माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विकास कार्य किये जाने तथा तहसील मुख्यालय देवलस्थल में आयोजित होने वाले बाराबीसी महोत्सव के आयोजन हेतु रूपये पाँच लाख का आर्थिक अनुदान प्रदान किये जाने की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने सीपू (गलाती नाला) एवं कालिका नाले (पुल तक) धारचूला, में सुरक्षात्मक कार्य किये जाने, पिथौरागढ़ में निवासरत राजी जनजाति को प्रशिक्षण दिये जाने, मुख्य राज मार्ग धारचूला-टनकपुर से सम्पर्क मार्ग ओगला हशेस्वर मिलान का कार्य के साथ मूलघाट से जौलजीवी सड़क मार्ग में तालेश्वर मंदिर के समीप दोनों और स्वागत द्वार का निर्माण किये जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री द्वारा तहसील गैरसैंण के ग्राम सारकोट को आदर्श ग्राम सभा बनाये जाने के साथ सारकोट से भराड़ीसैण मोटर मार्ग का डामरीकरण कर उसका नाम शहीद स्व0 श्री वासुदेव के नाम पर किये जाने की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने विधान समा क्षेत्र कर्णप्रयाग स्थित उत्तराखण्ड के एकमात्र दानवीर कर्ण के मंदिर का सौन्दर्गीकरण किये जाने की स्वीकृति प्रदान करते हुए गैरसैण को गढ़वाल एवं कुमाऊ जनपदों से जोड़ने तथा पर्यटन को सुगम एवं सुविधाजनक बनाये जाने हेतु गैरसैंण में उत्तराखण्ड परिवहन निगम का डिपो बनाये जाने के लिये विभागीय का आख्या उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये है।
प्रदेश में विद्युत दरों में मिल रही सब्सिडी का दुरुपयोग करने वाले और गलत ढंग से सब्सिडी लेने वाले उपभोक्ताओं पर गाज गिरेगी। ऐसे उपभोक्ताओं से सब्सिडी की दोगुना राशि वसूल की जाएगी। राज्य मंत्रिमंडल ने बुधवार को यह निर्णय लिया।
प्रदेश के घरेलू श्रेणी के लगभग 11.50 लाख विद्युत उपभोक्ताओं को गत सितंबर माह से दी गई राहत पर बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल ने भी मुहर लगा दी। हिमाच्छादित क्षेत्रों में 200 यूनिट मासिक उपभोग करने वाले और अन्य क्षेत्रों के एक किलोवाट विद्युत भार वाले ऐसे उपभोक्ता, जो 100 यूनिट तक विद्युत का मासिक उपभोग करते हैं, उन्हें विद्युत दरों में 50 प्रतिशत सब्सिडी दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गत 16 सितंबर को अपने जन्मदिन के अवसर पर इस संबंध में घोषणा की थी। मुख्यमंत्री के विचलन से लिए गए इस निर्णय को शासन ने 10 दिन के भीतर ही क्रियान्वित करते हुए 24 सितंबर को आदेश जारी किया। सब्सिडी एक सितंबर, 2024 से की गई विद्युत खपत के लिए अनुमन्य है।
उत्तराखंड में मत्स्य पालन के क्षेत्र में किए गए अभिनव प्रयोगों के लिए राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड हैदराबाद की ओर से, उत्तराखंड को हिमायली और उत्तर पूर्व के राज्यों की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार प्रदान किया गया है।
गुरुवार को विश्व मत्स्य पालन दिवस पर नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन, डेयरी, पंचायतीराज राज्यमंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ लल्लन सिंह द्वारा, उत्तराखंड के सचिव पशुपालन, मत्स्य विभाग डॉ बीवीआरसी पुरुषोत्तम को यह पुरस्कार सौंपा गया।
उत्तराखंड मत्स्य पालन विभाग ट्राउट फार्मिंग के लिए राज्य में 1400 से अधिक ट्राउट रेसवेज का निर्माण कर चुका है, साथ ही मत्स्य सम्पदा योजना के तहत उधमसिंह नगर में राज्य स्तरीय एक्वापार्क और एक होल सेल मार्केट का भी निर्माण किया जा चुका है। यही नहीं विभाग ने स्थानीय मत्स्य पालकों के समूहों और आईटीबीपी के बीच भी मछली आपूर्ति के लिए अनुबंध किया है। इन सब प्रयोग से उत्तराखंड में मछली पालकों की आय बढ़ने की उम्मीद है।
इन्हीं प्रयोगों के चलते बोर्ड ने उत्तराखंड को इस पुरस्कार के लिए चुना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरस्कार पर विभाग ओर मत्स्य पालकों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर कई प्रयास कर रही है। इसके परिणाम अब नजर आने लगे हैं।
देहरादून : चारधाम यात्रा 2024, के सकुशल सम्पन्न होने के साथ ही प्रदेश सरकार, आगामी चारधाम यात्रा की तैयारी में जुट गई है। चार धाम यात्रा को प्रदेश की आर्थिकी का आधार मानते हुए, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को यात्रा प्राधिकरण का गठन प्राथमिकता पर करने के साथ ही आगामी यात्रा तैयारियां अभी से शुरू करने को कहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यात्रा को बढ़ावा देने के साथ ही इसे व्यवस्थित करने के लिए यात्रा प्राधिकरण का गठन प्राथमिकता पर किया जाए, इसके लिए सभी हितधारकों की राय ली जाए। साथ ही बाहर से आने वाले तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्यटन विभाग की वेबसाइट को और अधिक बेहतर बनाया जाए, ताकि यात्रा संबंधित सभी जानकारी वेबसाइट पर ही मिल जाए। मुख्यमंत्री ने आगामी चार धाम यात्रा की तैयारी समय पर पूरा करने के लिए अभी से बैठक बुलाते हुए, आवश्यक कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा काल में क्षतिग्रस्त मुख्य मार्गों के साथ ही आंतरिक मार्गों को भी प्राथमिकता पर ठीक किया जाए, ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो।
राष्ट्रीय खेल का आयोजन महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों के लिए अलग अलग सचिवों को दायित्व दिए जाने के साथ ही मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हर सप्ताह बैठक करने और कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों का आयोजन, उत्तराखंड के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
देहरादून: मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार कलेक्टेªट में जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जिला उद्योग मित्र की समस्याओं सिंगल विंडो की समीक्षा पीएम विश्वकर्म योजना की समीक्षा जनपद स्तरीय जिला नवाचार समिति के गठन के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्योग मित्रों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ फास्टट्रैक पर निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को निर्देशित किया कि उद्योग मित्रों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ निस्तारण करें तथा जनपद में उद्योगों हेतु सुगम व्यवस्था बनाएं।
उन्होंने निर्देशित किया कि उद्योग मित्रों द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में बताई गई समस्याओं के निस्तारण के संबंध में संबंधित अधिकारी निरीक्षण करते हुए आख्या प्रस्तुत करेंगे। औद्योगिक क्षेत्र मोहब्बेवाला में सड़कों पर अतिक्रमण तथा चौराहों पर विक्रम आदि अवैध रूप से पार्क किए जाने की शिकायतों पर मुख्य विकास अधिकारी ने पुलिस विभाग को नियमित कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं औद्योगिक क्षेत्र लांघा रोड में सड़क बाउंड्री एवं हाईमास्क लाइट लगाने तथा पानी की निकासी के निस्तारण की मांग पर लोनिवि, नगर पंचायत सेलाकुई को कार्रवाई के निर्देश दिए गए साथ ही महाप्रबन्धक जिला उद्योग केन्द्र को कार्यवाही का फालोअप करने को निर्देशित किया।
उद्योग मित्रों ने अपने कामिकों की ईएसआई आदि समस्या बताते हुए कहा कि चिकित्सालयों द्वारा उपचार में सहयोग नही किया जा रहा है, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने ईएसआई के अधिकारियों को कार्यवाही के निर्देश दिए।
औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में अतिक्रमण की शिकायतों पर अभियान चलाते हुए अतिक्रमण पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए, वहीं औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में सड़कों पर गड्डो की शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को निरीक्षण करते हुए प्रभावी योजना बनाने के निर्देश दिए स्थायी कार्य होने तक सड़कों को मरम्मत कर गड्डे भरवाकर सड़क दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सिंगल विंडो की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया की पोर्टल पर व्यवस्थाओं को सुगम बनाएं तथा यदि कहीं समस्या है तो विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय कर उसका निस्तारण कराएं। वहीं पीएम विश्वकर्मा की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि योजना अंतर्गत आवेदनों का परीक्षण करते हुए समयबद्ध प्रेषित किए जाएं ताकि इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ पात्रों को समयबद्ध मिल सके।
बैठक में अध्यक्ष उद्योग ऐसोसिएशन पंकज गुप्ता, अपर नगर आयुक्त बीर सिंह बुदियाल, महाप्रबन्धक जिला उद्योेग केन्द्र अंजली रावत, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी एवं उद्योग ऐसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।
शिक्षा विभाग में संयुक्त निदेशक से अपर निदेशक बने पांच अधिकारियों को पदोन्नति के पदों पर तैनाती मिली है। शिक्षा सचिव रविनाथ रामन ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। शिक्षा सचिव के आदेश के मुताबिक आशा रानी पैन्यूली को अपर निदेशक एससीईआरटी और रघुनाथ लाल आर्य को अपर शिक्षा निदेशक प्रारंभिक शिक्षा के पद पर तैनाती दी गई है।
शिक्षा महानिदेशालय कार्यालय में अपर शिक्षा निदेशक के पद पर कार्यरत अंबादत्त बलोदी को माध्यमिक के साथ ही प्रारंभिक शिक्षा में अपर शिक्षा निदेशक कुमाऊं बनाया गया है। जबकि डाॅ. मुकुल कुमार सती को शिक्षा निदेशालय में अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा एवं विनोद प्रसाद सिमल्टी को एडी कुमाऊं के पद से हटाकर उन्हें विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर का सचिव बनाया गया है।
शासन ने मध्याह्न भोजन में संयुक्त निदेशक कुलदीप गैरोला को समग्र शिक्षा का अपर राज्य परियोजना निदेशक बनाया है। डाॅ. मुकुल कुमार सती को इस पद से हटाकर गैरोला को अपर राज्य परियोजना निदेशक बनाया गया है।
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले में संचालित विकास योजनाओं एवं जन कल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को देवभूमि उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार के द्वारा शुरू की गई महत्वपूर्ण योजनाओं को पूरी तत्परता व प्रतिबद्धता से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं का पूरा लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने एवं विभागीय सेवाओं की जन-सामान्य तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने पर पर विशेष ध्यान दिया जाय।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के एक दिवसीय भ्रमण पर जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में संचालित विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा उत्तराखंड राज्य को तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढाने और जनता की बेहतरी के लिए राज्य सरकार ने अनेक गेम चेंजर योजनाएं शुरू की है।
इसके साथ ही राज्य के आर्थिक संसाधनों को बढ़ाने की भी उल्लेखनीय पहल हुई है। केवल खनन क्षेत्र से रू. 1200 करोड़ का राजस्व मिलने की उम्मीद है। जबकि पहले खनन से मात्र 200 करोड़ का राजस्व मिलता था। यह संसाधन राज्य के विकास को गति देने में महत्वपूर्ण सिद्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली देने और राज्य में सौर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना शुरू की गई है। इस तरह की योजनाओं से राज्यवासियों को काफी लाभ मिलेगा। इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करने के लिए मुख्यमंत्री ने जिला, ब्लॉक व न्याय पंचायत स्तर तक शिविर आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इन योजना की जन-प्रतिनिधियों को भी पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाय। उन्होंने कहा कि तेजी से विकास और जनकल्याण की राज्य सरकार की प्रतिबद्धताओं और प्रयासों का पूरा लाभ राज्यवासियों तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को दिन-रात ईमानदारी से जुटे रहना होगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि मनोरम नैसर्गिक सौंदर्य और बेहतर आबो-हवा वाले सीमांत जनपद उत्तरकाशी में सड़कों का सुधार और सुविधाओं का विस्तार होने के कारण पर्यटन के क्षेत्र में काफी वृद्धि होने की संभावना है। इन संभावनाओं को साकार करने के लिए सभी लोगों को समन्वित प्रयास करना होगा।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उत्तरकाशी से भैरोघाटी तक सड़क के चौड़ीकरण के प्रस्तावित कार्य को लेकर सीमा सड़क संगठन से पूरा ब्यौरा उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा गंगोत्री धाम व सीमांत क्षेत्रों को जोड़ने वाली इस सड़क के चौड़ीकरण को लेकर केन्द्र सरकार के स्तर पर वार्ता कर इस काम को यथाशीघ्र प्रारंभ कराने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री हाईवे के चौड़ीकरण की प्रगति की भी जानकारी लेते हुए इस मार्ग पर चौड़ीकरण और भूस्खलन उपचार के प्रस्तावित कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने की प्रगति की जानकारी लेते हुए सड़क सुरक्षा के उपायों पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दो सालों के दौरान सरकार ने सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए क्रैश बैरियर लगाने के लिए सर्वाधिक धनराशि दी है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग से निरीक्षण कराते हुए सड़कों में सभी जरूरी जगहों पर क्रैश बैरियर की स्थापना सुनिश्चित की जाय। मुख्यमंत्री ने जिले में गोविन्द वन्य जीव विहार के अंतर्गत पड़ने वाले क्षेत्र में पीएमजीएसवाई द्वारा प्रस्तावित सड़कों के लिए वन विभाग की अनुमति से संबंधित कार्यवाही शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट की रोक हटने के बाद अब कतई देरी न की जाय।
मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी जल संयोजनों में पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाय और समस्याग्रस्त क्षेत्रों में जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाय। बैठक में बताया गया कि जिले में जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत 536 योजनाओं में से 430 पर कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने शेष 106 योजनाओं का कार्य भी समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करने के साथ ही सरलीकरण-समाधान-संतुष्टि के सरकार के ध्येय के अनुरूप अधिकारियों को काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि जन समस्याओं के समाधान के लिए तहसील दिवसों का नियमित रूप से आयोजन किया जाए और क्षेत्र पंचायतों की बैठकों में अधिकारी अनिवार्यतः प्रतिभाग करें।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने जिले में विकास योजना की प्रगति की जानकारी देने के साथ ही जिले के विकास के लिए प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान, पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी एसएल सेमवाल, अपर जिलाधिकारी रजा अब्बास, बीआरओ के कमांडर विवेक श्रीवास्तव, भाजपा के जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह राणा,ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी विनीता रावत, ब्लॉक प्रमुख डुंडा शैलेंद्र कोहली, ब्लॉक प्रमुख मोरी बचन सिंह पंवार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम के कपाट 3 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद हो गये हैं। कपाट बंद होने के बाद आज विभिन्न पड़ावों से होकर भगवान केदारनाथ की चांदी की पंचमुखी दिव्य चल विग्रह उत्सव मूर्ति डोली में विराजमान हो कर शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ पहुंच गयी है।
श्रद्धालुओं को अब बाबा केदार की पंचमुखी मूर्ति के दर्शन ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में हो सकेंगे। पहले पंचमुखी उत्सव मूर्ति को ऊखीमठ पहुंचने पर भंडार गृह में रख दिया जाता था। इस कारण ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को पंचमुखी मूर्ति के दर्शन नहीं हो पाते थे।
इस संबंध में हक-हकूकधारियों तथा तीर्थ पुरोहितों ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष अजेंद्र अजय से अनुरोध किया था। तीर्थ पुरोहितों का कहना था कि पंचमुखी मूर्ति को भंडार गृह में रखने के बजाय शीतकाल में दर्शन के लिए ओंकारेश्वर मंदिर के गर्भ गृह में रखा जाए, ताकि ऊखीमठ आने वाले श्रद्धालुओं को पंचमुखी मूर्ति के दर्शन का लाभ मिल सके।
तीर्थ पुरोहितों व हक-हकुकधारियों के अनुरोध पर व्यापक विचार-विमर्श के बाद बीकेटीसी ने निर्णय किया कि भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी मूर्ति को अब ओंकारेश्वर मंदिर गर्भगृह में विराजमान किया जायेगा, जहां पंचमुखी मूर्ति की निरंतर पूजा-अर्चना की जायेगी। बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र ने इस प्रस्ताव को अपनी स्वीकृति दे दी है।
देहरादून : रेंजर्स ग्राउण्ड में आयोजित राष्ट्रीय सरस मेले के तीसरे दिन आज विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं आयोजित दस दिवसीय सरस मेले में देर सायं लोक गायक नरेश बदशाह के गीतों ने लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। राज्य सरकार की यह एक अच्छी पहल है कि सरस मेले के जरिये स्वयं सहायता समूहों को अपने स्टालों के लिए बेहतर मंच प्रदान हो रहा है।
सरस मेले में विभिन्न राज्यों से पहली बार उत्तराखंड आए स्वयं सहायता समूह ने अपने अनुभव बताते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार उत्तराखंड में अपना स्टाल लगाया है ।इससे पहले वह अन्य राज्यो में आयोजित मेलो में अपने स्टाल लगा चुके हैं। उन्होंने बताया कि अन्य राज्यों के भांति उन्हें उत्तराखंड में भी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। स्वयं सहायता समूह द्वारा इस आयोजन के लिए राज्य सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया।
लोक गायक नरेश बादशाह ने अपने प्रस्तुति में गीत गाए
१.महासू वंदना,, मुखे लगी तेरी लगन……
२,तादी गीत, भाई सूबा तोडिया…..
३,दर्शनीय तेरी नजरों से…….
४. पंद्रा गते पगुना ली में……
5. मामा मोर शिंगा ले…….
6. तेरा मेरा प्यार…….
7. हारूल सिलतलुवा की….
रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी ने आज श्री बदरीनाथ धाम तथा श्री केदारनाथ धाम के दर्शन किये। श्री बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया कि प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी आज प्रात:पहले श्री बदरीनाथ धाम दर्शन को आये । उसके पश्चात श्री केदारनाथ धाम दर्शन को पहुंचे हैं।
श्री केदारनाथ धाम में बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने उद्योगपति मुकेश अंबानी का स्वागत किया। बताया कि दोनों धामों को उद्योगपति मुकेश अंबानी ने पांच करोड़ की धनराशि दानस्वरूप दी है।